नई दिल्ली। उद्धव ठाकरे की महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से छुट्टी तय दिख रही है। यानी महा विकास अघाड़ी सरकार की विदाई लगभग तय हो गई है। शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत के बयान के बाद सियासी अटकलें तेज हो गई है। बता दें कि महाराष्ट्र में सोमवार को एमएलसी चुनाव के बाद हुआ सियासी संग्राम अभी भी जारी है। बगावत का झंडा उठाने वाले कैबिनेट मंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे कई विधायकों को लेकर मुंबई से गुजरात के सूरत गए और फिर वहां से असम के गुवाहाटी चले गए। अभी शिंदे समेत सभी बागी विधायक गुवाहाटी के होटल में ठहरे हुए हैं। साफ है उद्धव ठाकरे की सरकार पर खतरा मंडरा रहा है और अब महा विकास अघाड़ी सरकार का आखिरी वक्त आ गया है।

सरकार बचाने के लिए महा विकास अघाड़ी गठबंधन पुरजोर कोशिश भी कर रहा है। गठबंधन में शामिल पार्टी एनसीपी, कांग्रेस और शिवसेना पार्टी नेताओं से बैठकें कर रणनीति बनाने में जुटे हैं। तमाम कोशिशों के बावजूद महा विकास अघाड़ी की सरकार की विदाई तय लग रही है। इसके संकेत पार्टी नेता संजय राउत और राज्य के मंत्री आदित्य ठाकरे ने भी दिए हैं।

सत्ता जाती है तो जाए- संजय राउत

शिवसेना गठबंधन वाली सरकार की विदाई के संकेत खुद पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने भी दिए हैं। बुधवार सुबह पत्रकारों के साथ बातचीत में उन्होंने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे हमारे बहुत अच्छे मित्र हैं। सालों साल से हम एक दूसरे के साथ काम कर रहे हैं। उनके लिए आसान नहीं है पार्टी छोड़ना और हमारे लिए भी आसान नहीं है उनको छोड़ना। मैंने आज सुबह उनसे एक घंटे तक बातचीत की और पार्टी प्रमुख को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। सत्ता जाती है तो जाए, हम एकनाथ शिंदे को नहीं छोड़ सकते।

विधानसभा भंग होने के संकेत

शिवसेना नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र विधानसभा भंग करने के संकेत दिए हैं। उउन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि, ‘महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक संकट विधानसभा भंग करने की ओर बढ़ रहा है।’

आदित्य ठाकरे ने ट्विटर बायो से हटाया मंत्री पद

वहीं, राज्य के मंत्री आदित्य ठाकरे ने ट्विटर पर अपना बायो बदल दिया है। उन्होंने ट्विटर प्रोफाइल से मंत्री पद हटा दिया है। बता दें कि आदित्य ठाकरे पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन के साथ-साथ पर्यटन मंत्री हैं।