पुलिस के हत्थे चढ़ा एक शातिर गौकश, गौकशी के उपकरण व एक मोटरसाइकिल की बरामद
- सहारनपुर में बेहट पुलिस द्वारा दबोचा गया शातिर गौकश एवं जानकारी देते एसपी ग्रामीण मयंक पाठक।
सहारनपुर। बेहट कोतवाली पुलिस ने एक शातिर गौकश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गौकशी के उपकरण व एक मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल कर ली।
एसपी देहात मयंक पाठक ने पुलिस लाईन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 26 अप्रैल को वादी राहुल कश्यप पुत्र पुरूषोत्तम निवासी ग्राम रतनपुरा थाना बेहट ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उसकी गाय चोरी कर ली है तथा गाय के अवशेष गांव के खेत में मिले हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी थी।
एसपी देहात श्री पाठक ने बताया कि बेहट कोतवाली पुलिस आज प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह व उपनिरीक्षक लोकेंद्र सिंह के नेतृत्व में रवासौली पुल चैराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम दाऊदपुरा की तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। संदिग्ध प्रतीत होने पर जब पुलिस ने उसे रूकने का इशारा किया तो वह अपनी मोटरसाइकिल मोड़कर वापस दाऊदपुरा की तरफ भागने लगा।
पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति का पीछा किया तो कुछ दूरी पर जाकर उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बल प्रयोग कर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। दबोचे गए आरोपी की पहचान रिजवान पुत्र गुफरान उर्फ भूरा निवासी ग्राम ताजपुरा थाना बेहट के रूप में हुई। श्री पाठक ने बताया कि दबोचे गए आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि तीन दिन पूर्व मैंने अपने साथियों के साथ मिलकर रतनपुरा के जंगल में गौकशी की थी। पुलिस ने आरोपी का चालान काटकर जेल भेज दिया।
