जनसुनवाई में सात समस्याएं पहुंचीं, दो का तत्काल निस्तारण
सफाई की शिकायत पर मौके पर भेजी टीम, स्ट्रीट लाइटों के लिए पथ प्रकाश प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश
सहारनपुर। नगर निगम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विभिन्न वार्डों से जुड़ी सात समस्याएं अपर नगरायुक्त सूरज कुमार यादव के समक्ष पहुंचीं। इनमें से दो शिकायतों का तत्काल निस्तारण करा दिया गया, जबकि अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वार्ड 38 स्थित लक्ष्मीधाम कॉलोनी, माधोनगर निवासी धर्मसिंह ने कॉलोनी में सड़क और नाली की सफाई कराने तथा वार्ड 07 बलदेव नगर निवासी उस्मान मलिक ने क्षेत्र में साफ-सफाई कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। अपर नगरायुक्त ने तत्काल क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक और सफाई मित्र को मौके पर भेजकर सफाई कराई और दोनों समस्याओं का निस्तारण कराया।
वार्ड 21 ब्रह्मपुरी कॉलोनी निवासी विनोद कुमार ने कॉलोनी के निकट संचालित डेयरी में साफ-सफाई नहीं होने की शिकायत की। वहीं वार्ड 38 लक्ष्मीधाम कॉलोनी निवासी जय कुमार जैन ने कॉलोनी से आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की। अपर नगरायुक्त ने दोनों मामलों में निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा वार्ड 07 बलदेव नगर निवासी उस्मान मलिक, वार्ड 21 टैगोर गार्डन पेपर मिल रोड निवासी ऋषिपाल सिंह और वार्ड 20 दाबकी जुनारदार निवासी तालिब मलिक ने खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिए। इस पर अपर नगरायुक्त ने पथ प्रकाश प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र कुमार मिश्र सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
