एनएचएम कर्मियों की लंबित मांगों को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

एनएचएम कर्मियों की लंबित मांगों को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन
सहारनपुर में सीएमओ को संबोधित ज्ञापन उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल जैन को सौंपते एनएचएम कर्मचारी।

नियमितीकरण, ईपीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी और स्वास्थ्य बीमा समेत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग

सहारनपुर। एनएचएम कर्मियों की लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने एनएचएम कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई किए जाने की मांग दोहराई।

संयुक्त संघर्ष समिति के जिला संयोजक एमपी सिंह चावला के नेतृत्व में जिले के विभिन्न संवर्गों के दर्जनों एनएचएम कर्मचारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबोधित ज्ञापन उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल जैन को सौंपा गया।

संयोजक एमपी सिंह चावला ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कई संविदा कर्मचारी लंबे समय से सेवाएं दे रहे हैं और कुछ कर्मियों को संविदा पर काम करते हुए तीन दशक पूरा होने को है। इसके बावजूद उन्हें अभी तक नियमितीकरण जैसी मूलभूत सुविधा नहीं मिल सकी है।

उन्होंने कहा कि नियमितीकरण के साथ-साथ एनएचएम कर्मियों को ईपीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी, स्वास्थ्य बीमा और मृतक आश्रित को नौकरी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र समाधान कराने की मांग की।

संयुक्त संघर्ष समिति ने बताया कि आगामी 8 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदेशभर के एनएचएम कर्मचारियों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई गई है। बैठक में लंबित मांगों को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

ज्ञापन देने वालों में जिला संयोजक एमपी सिंह चावला, विनीत चौहान, पुनीत कुमार, मुकेश कुमार, ओमप्रकाश, अशोक पंवार, अमित कुमार, विजेंदर, सजनीत सिंह, परवेंदर यादव, अभिषेक और संजय सहित जिलेभर से स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन और प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर संवर्ग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply