सेवा संकल्प अभियान में दिव्यांगजनों को मिले कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण
मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर समेत विभिन्न उपकरण किए वितरित, 50 लाभार्थियों को मिले शादी अनुदान के प्रमाण-पत्र
सहारनपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को राजकीय आईटीआई परिसर में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्य मंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी की अध्यक्षता तथा नगर विधायक राजीव गुंबर और जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की मौजूदगी में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम में महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी गई।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की योजनाओं के तहत 15 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 135 ट्राईसाइकिल, 70 व्हीलचेयर, 100 जोड़ी बैसाखी, 76 कान की मशीन और 27 स्मार्ट कैन समेत विभिन्न सहायक उपकरण लाभार्थियों को प्रदान किए गए। उपकरण मिलने पर लाभार्थियों ने इसे उनके दैनिक जीवन को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग बताया।
वहीं, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की पुत्रियों की शादी योजना के तहत 50 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम स्थल पर दिव्यांगजनों के लिए चिकित्सा शिविर लगाया गया, जिसमें आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम में सोशल सेक्टर की विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाया गया। कृत्रिम अंग के लिए चिन्हित फर्म की ओर से भी दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
राजकीय दृष्टिबाधित बालिका विद्यालय, रामपुर मनिहारान की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर प्रभारी डॉ. अजय शर्मा, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, डॉ. नीलू राणा, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अजय कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी साक्षी गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।
