पॉक्सो एक्ट और बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता को निकाली प्रभातफेरी

पॉक्सो एक्ट और बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता को निकाली प्रभातफेरी
सहारनपुर में जागरूकता अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते न्यायिक अधिकारी।

सहारनपुर। गांधी जयंती के अवसर पर किशोर-किशोरियों को पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रावधानों, कानूनी परिणामों, बाल संरक्षण एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शुक्रवार को दीवानी कचहरी परिसर से प्रभातफेरी निकाली गई।

प्रभातफेरी में केसीपी आर्य कन्या इंटर कॉलेज एवं बीएचएस इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रभातफेरी को जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय देवेंद्र सिंह, अपर जिला जज मोहम्मद अहमद खान, अपर जिला जज विकास गुप्ता तथा सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इसके बाद दीवानी कचहरी स्थित गांधी वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा और सादगी का संदेश देता है। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही सशक्त, शांतिपूर्ण एवं आत्मनिर्भर समाज का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता, पैनल लॉयर, पीएलवी एवं कोर्ट स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply