गांधी-शास्त्री जयंती पर महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान

गांधी-शास्त्री जयंती पर महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान
सहारनपुर में गांधी व शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित करते मंडलायुक्त तथा दोनों महापुरुषों को नमन करते जिलाधिकारी। सहारनपुर में गांधी व शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित करते मंडलायुक्त तथा दोनों महापुरुषों को नमन करते जिलाधिकारी।

मंडलायुक्त व जिलाधिकारी ने महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

सहारनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को मंडलायुक्त कार्यालय और कलेक्ट्रेट में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। अधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया।

मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने कार्यालय सभाकक्ष में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने सत्य, अहिंसा, प्रेम, शांति और सद्भाव के माध्यम से देश को नई दिशा दी तथा पूरी दुनिया को सत्य और अहिंसा की शक्ति का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज में आपसी सौहार्द, समानता और भाईचारे को मजबूत करने के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण को प्रेरणादायी बताया।

कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने सुबह नौ बजे दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित किए।

जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी और शास्त्री के सिद्धांतों एवं विचारों को सभी को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। गांधीजी की सत्यनिष्ठा, अहिंसात्मक नेतृत्व और देशभक्ति तथा शास्त्रीजी का आत्मबल, दृढ़ विश्वास, सरल स्वभाव और अदम्य साहस सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बिना किसी सिफारिश के निष्पक्ष एवं सही कार्य होने का विश्वास मिलना चाहिए। निर्णय लेते समय समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति पर उसके प्रभाव को ध्यान में रखा जाना चाहिए।

इस अवसर पर अपर आयुक्त भानू प्रताप यादव, रमेश यादव, प्रशासनिक अधिकारी कर्णपाल, ओएसडी अरविंद चौधरी, नाजिर अमित जैन, एसडीएम अमित कुमार, कृष्ण राज, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply