शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर भाजपा महानगर की बैठक
आईएमए भवन में चुनावी तैयारियों, मतदाता संपर्क और संगठनात्मक समन्वय पर हुई चर्चा
सहारनपुर। मेरठ-सहारनपुर खंड शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी महानगर सहारनपुर की महत्वपूर्ण बैठक आईएमए भवन में आयोजित की गई। बैठक में मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी दिनेश गोयल सहित महानगर संगठन के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, पार्षद एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में महानगर प्रभारी अजय शर्मा, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, क्षेत्रीय मंत्री महेश बाली, नगर विधायक राजीव गुंबर एवं महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने चुनाव से जुड़ी संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान मतदाता संपर्क अभियान, क्षेत्रवार जिम्मेदारियां, मतदाता सूची के अनुसार संपर्क व्यवस्था और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव साझा किए गए।
बैठक में बताया गया कि 5 अक्टूबर 2026 को मेरठ में दिनेश गोयल के नामांकन कार्यक्रम के अवसर पर सहारनपुर महानगर से पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। इसके लिए आवश्यक समन्वय और व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि मेरठ शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू हुई है और नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित है। चुनाव की तैयारियों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने, अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावलियों के आधार पर क्षेत्रवार संपर्क व्यवस्था तैयार करने तथा संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच समन्वय मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में चुनाव महानगर संयोजक मनोज ठाकुर, महामंत्री सरदार सुपनीत सिंह, ललित कटारिया, किशोर शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश जैन, अमित गगनेजा, हेमंत अरोड़ा, पूर्व महापौर संजीव वालिया, वरिष्ठ नेता अमर गुप्ता, गोकरण दत्त शर्मा, उपाध्यक्ष अमित गर्ग, कंचन धवन, महानगर मंत्री आरती शर्मा, सोनम कश्यप, नितिन परमार, नीरज ठकराल, सोशल मीडिया प्रभारी प्रदीप शर्मा, मीडिया प्रभारी विजय गुप्ता, योगेश कुमार एवं अजब सिंह सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
