पूर्व IAS दिव्या मित्तल का जिक्र कर बोले अखिलेश यादव, ‘हरा और लाल गमछा…’
उत्तर प्रदेश की पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने नौकरी से इस्तीफा देने के बाद अब राजनीति में आने के संकेत दे दिए हैं. इसको लेकर अब सूबे की सियासत गरमा गई है. दिव्या मित्तल को लेकर अब सपा चीफ अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है.
सपा चीफ अखिलेश यादव से दिव्या मित्तल के राजनीति में आने को लेकर सवाल किया गया. इसके जवाब में उन्होंने कहा कि अब उन्हें तय करना पड़ेगा. हरा गमछा और लाल गमछा डाल लें. सपा चीफ के इस बयान से एक बार फिर हलचल तेज हो गई है.
13 साल की नौकरी से इस्तीफा दे चुकीं हैं दिव्या मित्तल
आईएएस में 13 सालों तक कार्यरत रहने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे चुकीं दिव्या मित्तल ने मंगलवार (29 सितंबर) की सुबह घोषणा की कि वह अब राजनीति करेंगी और उसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश से करेंगी. उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ेंगी, बल्कि अकेले चलेंगी और देश की आजादी के 80 सालों का हिसाब मांगेंगी.
दिव्या मित्तल ने गत 30 अगस्त को आईएएस से इस्तीफा दे दिया था और खुद एक्स पर 14 सितंबर को बताया कि सरकार ने उनका त्यागपत्र मंजूर कर लिया. मंगलवार सुबह उन्होंने अपने आधिकारिक “एक्स” पर एक पोस्ट में करीब साढ़े नौ मिनट का एक वीडियो साझा करते हुए कहा, “कुछ दिन पहले आईएएस से त्यागपत्र दिया था और आपके मन में कई सवाल छोड़ दिए थे.
दिव्या मित्तल ने वीडियो संदेश में दी यह जानकारी
उन्होंने वीडियो में यह भूमिका रखते हुए कहा, “पहला सवाल अब आगे क्या? राजनीति”. उन्होंने कहा, “लोगों ने कहा कि तुम सब कुछ तो बन गईं, आगे क्या बनना है. मैंने कहा कि मुझे उन लोगों की आवाज बननी है, जिनकी आवाज किसी दफ्तर तक नहीं पहुंच पाती और अगर पहुंच भी जाए तो सुनी नहीं जाती. उन लोगों की तरफ से मुझे देश की आजादी के 80 सालों का हिसाब चाहिए.
