स्वर्गीय नेहा धीमान के परिवार को टीएससीटी ने दी 51 लाख रुपये की आर्थिक मदद
सहारनपुर। टीएससीटी उत्तर प्रदेश की ओर से स्वर्गीय नेहा धीमान के परिवार को 51 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह सहायता उनके नॉमिनी एवं पति गौरव कुमार को प्रदान की गई। नेहा धीमान प्राथमिक विद्यालय पाली, ब्लॉक पुंवारका में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थीं और टीएससीटी की वैधानिक सदस्य थीं।
बताया गया कि नेहा धीमान का कार्डियक अरेस्ट के कारण असमय निधन हो गया था। टीएससीटी अपने वैधानिक शिक्षक सदस्यों के निधन के बाद उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करती है। इसी क्रम में सितंबर माह में नेहा धीमान के परिवार को यह आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
टीएससीटी के मंडल संयोजक विनय शर्मा ने बताया कि संस्था द्वारा प्रत्येक माह की तरह इस माह भी उत्तर प्रदेश के 20 दिवंगत शिक्षक परिवारों को करीब 10 करोड़ 20 लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य शिक्षक सदस्यों के परिवारों को कठिन समय में आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
जिला संयोजक संजय सहगल ने टीएससीटी के जनक विवेकानंद आर्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से शिक्षकों को एक ऐसा मंच मिला है, जो जरूरत के समय पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होता है। उन्होंने बताया कि टीएससीटी द्वारा अब तक 656 परिवारों को करीब 297 करोड़ 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है।
स्वर्गीय नेहा धीमान के पति गौरव कुमार ने इस निःस्वार्थ सहयोग के लिए टीएससीटी के संस्थापक मंडल, प्रांतीय टीम, जिला टीम, ब्लॉक टीम और सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कठिन समय में मिली यह सहायता परिवार के लिए बड़ा आर्थिक संबल है।
इस अवसर पर जिला प्रवक्ता दीपिका बालियान, जिला कोषाध्यक्ष प्रवेश पांचाल, जिला सहसंयोजक अक्षय कुमार, लोकेश कुमार, शिवदयाल सिंह, गुलशेर अहमद, पंकज कुमार, रेणु बाला, नावेद अंसारी, उदित वत्स, प्रदीप गुप्ता, जिला आईटी सेल प्रभारी भानूप्रताप सिंह और अमित कश्यप सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
