अवैध डेरी संचालन पर नगरायुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश, जनसुनवाई में एक समस्या का तत्काल समाधान

अवैध डेरी संचालन पर नगरायुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश, जनसुनवाई में एक समस्या का तत्काल समाधान
सहारनपुर में जनसुनवाई के दौरान लोगों की समस्याएं सुनते नगरायुक्त शिपू गिरि।

सहारनपुर। नगर निगम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान सोमवार को शहरवासियों की ओर से पांच समस्याएं अधिकारियों के सामने रखी गईं। इनमें से सीवर लाइन की सफाई से जुड़ी एक समस्या का नगरायुक्त शिपू गिरि ने तत्काल निस्तारण कराया, जबकि स्ट्रीट लाइट और अवैध डेरी संचालन से संबंधित शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में वार्ड 07 नाला पटरी निवासी उस्मान मलिक ने सीवर लाइन की साफ-सफाई कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। नगरायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सफाई कर्मचारी को मौके पर भेजा, जिसके बाद सीवर लाइन की सफाई कराकर समस्या का समाधान कराया गया।

वहीं वार्ड 16 शिवाजी नगर निवासी पद्म सिंह शर्मा, वार्ड 66 नदीम कॉलोनी निवासी आसिफ और वार्ड 22 खुमरान पुल निवासी ममता वर्मा ने स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायत करते हुए उन्हें ठीक कराने की मांग की। इन शिकायतों पर नगरायुक्त शिपू गिरि ने पथ प्रकाश प्रभारी को संबंधित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में वार्ड 06 वर्धमान कॉलोनी निवासी राजीव ने चिलकाना रोड स्थित घास कांटे वाली गली में संचालित हो रही अवैध डेरियों को बंद कराने की मांग की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए नगरायुक्त ने पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा को मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नगरायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें मौके पर जाकर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

जनसुनवाई के दौरान अपर नगरायुक्त सूरज कुमार यादव, मृत्युंजय, सहायक नगरायुक्त विकासधर दुबे, जीएम जलकल पुरुषोत्तम कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र समेत नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply