सहारनपुर में वृहद स्तर पर चल रहा एंटी रेबीज अभियान

सहारनपुर में वृहद स्तर पर चल रहा एंटी रेबीज अभियान
सहारनपुर में श्वानों का एंटी रेबीज टीकाकरण करती चिकित्सकों की टीम।

52 वार्डों में करीब 35 हजार श्वानों का टीकाकरण, सभी 70 वार्डों को कवर करने का लक्ष्य

सहारनपुर। भारत सरकार के वर्ष 2030 तक देश को रेबीज मुक्त बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य के तहत सहारनपुर नगर निगम द्वारा बड़े स्तर पर एंटी रेबीज टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देशन में अभियान के तहत अब तक महानगर के 52 वार्डों को पूरी तरह कवर करते हुए करीब 35 हजार श्वानों का एंटी रेबीज टीकाकरण किया जा चुका है।

विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर नगर निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम द्वारा अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। उनके अनुसार सहारनपुर नगर निगम प्रदेश के उन निकायों में शामिल है, जहां इतने बड़े स्तर पर एंटी रेबीज टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान अभी लगातार जारी है। नगर निगम ने 300 दिनों में महानगर के सभी 70 वार्डों को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अब तक 52 वार्डों में अभियान पूरा किया जा चुका है और शेष वार्डों में भी टीकाकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि इस महाअभियान की शुरुआत 9 जनवरी 2026 को महापौर डॉ. अजय कुमार और नगरायुक्त शिपू गिरि द्वारा की गई थी। अभियान का मुख्य उद्देश्य श्वानों में रेबीज संक्रमण की रोकथाम के साथ-साथ महानगर के नागरिकों को इस जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखना है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार श्वानों का बड़े पैमाने पर एंटी रेबीज टीकाकरण रेबीज की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक श्वानों को टीका लगाकर संक्रमण के खतरे को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी ने महानगर के नागरिकों से अपील की कि वे इस जनहितकारी अभियान में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से निर्धारित लक्ष्य को समय से पहले पूरा करते हुए वर्ष 2030 से पहले सहारनपुर को रेबीज मुक्त और सुरक्षित क्षेत्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

Leave a Reply