सहारनपुर पुलिस बैडमिंटन टूर्नामेंट का आगाज, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
सहारनपुर। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बैडमिंटन क्लब में तीन दिवसीय सहारनपुर पुलिस बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर रेंज अभिषेक सिंह ने किया। प्रतियोगिता के पहले दिन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर राजपत्रित अधिकारियों और अराजपत्रित कर्मचारियों के बीच डबल्स के लीग मुकाबले खेले गए। इसके साथ ही टूर्नामेंट में शामिल अन्य टीमों के बीच भी विभिन्न लीग मैच उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुए।
इस दौरान डीआईजी सहारनपुर रेंज अभिषेक सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने बैडमिंटन मुकाबलों में प्रतिभाग कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में पुलिस परिवार के बच्चों, पुलिस के नवागंतुकों, पुलिस ओपन वर्ग तथा राजपत्रित अधिकारी और अराजपत्रित कर्मचारी वर्ग के प्रतिभागी उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रहे हैं।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 27 सितंबर तक किया जा रहा है। आगामी दिनों में विभिन्न वर्गों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। खिलाड़ियों के बीच प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। साथ ही प्रतियोगिता के माध्यम से टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
