कुराश-जूडो में पदक जीतकर लौटीं छात्राएं, विद्यालय में हुआ भव्य स्वागत

कुराश-जूडो में पदक जीतकर लौटीं छात्राएं, विद्यालय में हुआ भव्य स्वागत
सहारनपुर में प्रतियोगिता से पदक जीतकर विद्यालय पहुंची विजेता टीम का स्वागत करती शिक्षिकाएं।

सहारनपुर। 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय कुराश एवं जूडो प्रतियोगिता में आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य समेत कुल 10 पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते सहारनपुर मंडल ने कुराश में ओवरऑल चैंपियन और जूडो में ओवरऑल रनर-अप का खिताब हासिल किया।

19 से 23 सितंबर तक सहारनपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में आर्य कन्या इंटर कॉलेज की खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु और भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। पदक जीतकर विद्यालय पहुंची खिलाड़ियों का प्रबंध समिति और स्टाफ की ओर से ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया।

स्वागत समारोह में विद्यालय प्रबंधक आनंद प्रकाश शर्मा और प्रधानाचार्य संतोष ने विजेता छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। प्रबंध समिति के अध्यक्ष ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह उपलब्धि विद्यालय की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। विद्यालय प्रबंधन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली विद्यालय की तीन छात्राओं का चयन राष्ट्रीय विद्यालयीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। कुराश में वंशिका और सुहाना तथा जूडो में प्राची अपने-अपने आयु एवं भार वर्ग में उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।

विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका एवं जूडो-कुराश कोच निकुंज वर्मा के मार्गदर्शन में छात्राओं ने यह उपलब्धि हासिल की। समारोह में उनके योगदान की भी सराहना की गई।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply