सीएम डैशबोर्ड की खराब रैंकिंग पर डीएम सख्त, वेतन रोकने और नोटिस के निर्देश
सी’ और ‘डी’ श्रेणी वाले विभागों पर जताई नाराजगी, ए श्रेणी में लाने के लिए मिशन मोड में काम करने के निर्देश
सहारनपुर। सीएम डैशबोर्ड पर विकास एवं राजस्व कार्यों की खराब रैंकिंग को लेकर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने ‘सी’ और ‘डी’ श्रेणी में रहने वाले विभागों के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ वेतन बाधित करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों से जनपद को प्रदेश स्तर पर ‘ए’ श्रेणी और शीर्ष स्थान पर लाने के लिए मिशन मोड में कार्य करने को कहा।
कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में आबकारी, स्टाम्प, परिवहन, स्वास्थ्य, विकास, बाल विकास, समाज कल्याण, विद्युत, तकनीकी शिक्षा, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग समेत विभिन्न विभागों की ऑनलाइन रैंकिंग और अनुश्रवण पुस्तिका की विभागवार समीक्षा की गई।
डीएम ने कहा कि डिजिटल दौर में शासन व्यवस्था ऑनलाइन डेटा पर आधारित है। ऐसे में सीएम डैशबोर्ड पर डेटा फीडिंग केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि पारदर्शिता और जवाबदेही का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी विभागों को योजनाओं की प्रगति से संबंधित डेटा सही और निर्धारित समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि गलत, भ्रामक अथवा विलंबित डेटा फीडिंग पाए जाने पर संबंधित विभाग के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आईजीआरएस और जनसुनवाई की शिकायतों पर विशेष जोर
डीएम ने मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल जनशिकायतों के निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने विभिन्न विभागों से जुड़ी योजनाओं में बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों को हर हाल में शून्य करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की रैंकिंग में सुधार के लिए नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
जल जीवन मिशन के अधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराजगी
बैठक में जल जीवन मिशन के अधिशासी अभियंता के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारी के कार्यों की जांच के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्ण हो चुके प्रोजेक्टों को जल्द से जल्द संबंधित विभागों को हैंडओवर करने को कहा।
डीएम ने कहा कि किसी स्तर पर समस्या आने पर मुख्यालय से पत्राचार कर उसका शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
पर्यटन अतिथि गृह के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश
डीएम ने पर्यटन अतिथि गृह के निर्माण के लिए एसडीएम बेहट को भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। वहीं सीएंडडीएस को मार्ग, पथ व्यवस्था और साइनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने धारा-24 समेत राजस्व से संबंधित लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
