मुख्य डाकघर की बदहाल व्यवस्थाओं पर व्यापार मंडल नाराज, सौंपा ज्ञापन

मुख्य डाकघर की बदहाल व्यवस्थाओं पर व्यापार मंडल नाराज, सौंपा ज्ञापन
सहारनपुर में डाकघर अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते व्यापार मंडल के पदाधिकारी।

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई ने पोस्ट ऑफिस रोड स्थित सहारनपुर मुख्य डाकघर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई है। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शीतल टंडन के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने डाकघर अधीक्षक हिमांशू तिवारी को ज्ञापन सौंपकर सफाई, रखरखाव, प्रवेश व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं में सुधार की मांग की।

व्यापार मंडल ने कहा कि मुख्य डाकघर जिले की डाक व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक डाक, पार्सल, मनीऑर्डर, बैंकिंग, आईडी और आधार कार्ड संशोधन जैसी सेवाओं के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद डाकघर के मुख्य द्वार और आसपास के क्षेत्र में गंदगी, खराब पेंट, झाड़ियां और अव्यवस्थित रखरखाव जैसी समस्याएं बनी हुई हैं।

ज्ञापन में बताया गया कि मुख्य प्रवेश मार्ग पर लगी चेन के कारण लोगों को झुककर डाकघर में प्रवेश करना पड़ता है। इससे विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं मुख्य द्वार के पास रखा लेटर बॉक्स भी नियमित रखरखाव के अभाव में गंदा रहता है।

व्यापार मंडल ने डाक सामग्री की उपलब्धता, हॉल की सफाई और परिसर की अन्य व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाते हुए तत्काल सुधार की मांग की। पदाधिकारियों ने मुख्य द्वार और पूरे परिसर की सफाई, गेट एवं पिलरों की मरम्मत और पेंटिंग, अनावश्यक चेन हटाने तथा लेटर बॉक्स की नियमित सफाई कराने का आग्रह किया।

इसके अलावा पर्याप्त डाक सामग्री उपलब्ध कराने, हॉल और पूरे परिसर की समुचित सफाई करने तथा आईडी एवं आधार संशोधन केंद्र पर आने वाले नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। व्यापार मंडल ने पूरे डाकघर परिसर का जीर्णोद्धार कराने का भी अनुरोध किया।

व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि इन समस्याओं को पहले भी संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने डाकघर अधीक्षक से स्थलीय निरीक्षण कराकर समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।

ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष शीतल टंडन, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक मलिक और वरिष्ठ व्यापारी प्रतिनिधि यशपाल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply