4.76 करोड़ की स्मैक के साथ तीन नशा तस्कर गिरफ्तार, 10.30 लाख रुपये बरामद
सहारनपुर। नकुड़ कोतवाली पुलिस, एंटी नारकोटिक्स सेल, सर्विलांस, स्वाट और एसओजी की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 380 ग्राम अवैध स्मैक, 10 लाख 30 हजार रुपये की नगदी, चार मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 76 लाख रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि डीआईजी सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह के निर्देश पर मंडल के तीनों जनपदों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ‘ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नकुड़ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल समेत अन्य टीमों ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने नकुड़ क्षेत्र में अंबेहटा पीर के बिजलीघर चौराहे के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी पुत्र स्व. बीरसिंह निवासी पखनपुर थाना गंगोह, हाल निवासी बरेली; हर्षित पुत्र अरविंद कुमार निवासी नरेना थाना पुवायां, शाहजहांपुर, हाल निवासी बरेली; और अर्शलान उर्फ गुड्डू पुत्र जमील निवासी कादरगंज थाना फतेहगंज पूर्वी, बरेली के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी सन्नी ने पुलिस को बताया कि तीनों मिलकर स्मैक की तस्करी करते हैं। उनके अनुसार, वे बरेली से जिलानी उर्फ बबलू पुत्र रहीस निवासी कादरगंज, थाना फतेहगंज पूर्वी, बरेली से स्मैक खरीदकर लाते थे और आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बरामद स्मैक को सप्लाई करने के लिए जा रहे थे, तभी उन्हें दबोच लिया गया।
एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा नशीले पदार्थों की सप्लाई का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया। कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
