पूर्व पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखीं संगठन से जुड़ी शिकायतें

पूर्व पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखीं संगठन से जुड़ी शिकायतें
सहारनपुर में भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात करते राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन।

सहारनपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे सरोवर पोर्टिको होटल पहुंचे। यहां उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, पूर्व जिलाध्यक्षों एवं संगठन के पूर्व पदाधिकारियों के साथ करीब आधे घंटे तक बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पूर्व पदाधिकारियों से संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों से जुड़ी जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में पूर्व सांसद संजीव बालियान, पूर्व विधायक संगीत सोम, सहारनपुर के पूर्व सांसद राहुल लखनपाल शर्मा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के पूर्व पदाधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कई नेताओं से अलग-अलग भी बातचीत की और उनकी बातों को सुना। इस दौरान कुछ पूर्व पदाधिकारियों ने संगठन में उनकी उपेक्षा किए जाने की शिकायत भी रखी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से पार्टी के लिए कार्य करने वाले पुराने कार्यकर्ताओं को अपेक्षित सम्मान और जिम्मेदारी नहीं मिल रही है। वहीं, अन्य दलों से भाजपा में आए लोगों को टिकट एवं संगठन में पद मिलने को लेकर भी उन्होंने अपनी आपत्तियां राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष रखीं। पूर्व पदाधिकारियों की बातें सुनने के बाद नितिन नवीन ने उनसे आगामी चुनाव में एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार बनने के बाद पुराने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। इसके बाद भाजपा की दूसरे दौर की बैठक शुरू हुई, जिसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के वर्तमान सांसदों, विधायकों और जिलाध्यक्षों के साथ संगठनात्मक एवं चुनावी तैयारियों पर मंथन किया जा रहा है। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की तैयारियों को गति देने को लेकर चर्चा जारी है।

Leave a Reply