भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार बनाएगी सरकार: नितिन नवीन

भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार बनाएगी सरकार: नितिन नवीन
सहारनपुर में भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सहारनपुर में सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों के साथ की संगठनात्मक बैठकें, बूथ स्तर तक तैयारी मजबूत करने के निर्देश

सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को अपने दो दिवसीय उत्तर प्रदेश प्रवास के दूसरे दिन सहारनपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया। सहारनपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने शंखध्वनि और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। उन्होंने सांसदों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की।

बैठकों के दौरान नितिन नवीन ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया। विधानसभा क्षेत्रवार पार्टी की गतिविधियों और चुनावी तैयारियों का फीडबैक लेते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं को हर गांव और हर घर तक पहुंचने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र लाभार्थियों तक डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी समन्वय करने को कहा।

उन्होंने शक्ति केंद्रों पर सांसदों, विधायकों और सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ ‘पॉकेट मीटिंग’ यानी जनता चौपाल आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उनका कहना था कि संगठन की मजबूती के लिए जमीनी स्तर पर जनता से निरंतर संवाद जरूरी है।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता 24 घंटे और सातों दिन जनता की सेवा के लिए काम करते हैं। उन्होंने सहारनपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कार्यकर्ताओं के उत्साह और सक्रियता की चर्चा करते हुए कहा कि यह संगठन की मजबूती को दर्शाता है।

नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत और उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही।

उन्होंने उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे, इंफ्रास्ट्रक्चर, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रक्षा क्षेत्र में हो रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की पहचान विकास और प्रगति के नए आयामों से बन रही है। उन्होंने ब्रह्मोस जैसी मिसाइलों के निर्माण को भी नए उत्तर प्रदेश की पहचान बताया।

बैठकों में पार्टी के सांसद, विधायक, महानगर एवं जिला पदाधिकारी तथा विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply