दिल्ली SIR में बड़े नामों को नोटिस, आडवाणी-जैशंकर-धनखड़ भी सूची में

दिल्ली SIR में बड़े नामों को नोटिस, आडवाणी-जैशंकर-धनखड़ भी सूची में

दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, मसौदा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में विसंगतियों के चलते 33.13 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इनमें पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ समेत कई प्रमुख नाम शामिल हैं।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, बड़ी संख्या में नोटिस मतदाताओं के मौजूदा विवरण का 2002 के पिछले SIR रिकॉर्ड से मिलान नहीं होने के कारण जारी हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि नोटिस का उद्देश्य मतदाता डेटा में जरूरी सुधार और सत्यापन करना है। नोटिस मिलना अपने आप में मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का मतलब नहीं है।

जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी को भी नोटिस

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का नाम भी SIR नोटिस पाने वालों में शामिल है। रिपोर्टों के मुताबिक, उनकी पत्नी सुदेश धनखड़ को भी नोटिस जारी किया गया है। इस सूची में कई अन्य वरिष्ठ राजनेता, अधिकारी और सार्वजनिक हस्तियां भी शामिल हैं।

जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई 2025 को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था। राष्ट्रपति को भेजे उनके आधिकारिक इस्तीफे में उन्होंने स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की बात कही थी।

एक साल बाद भी सरकारी आवास का इंतजार

धनखड़ के सरकारी आवास को लेकर भी हाल में रिपोर्ट सामने आई है। हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, उपराष्ट्रपति पद छोड़ने के एक साल से अधिक समय बाद भी उन्हें सरकारी आवास आवंटित नहीं हुआ है और वह दिल्ली के छतरपुर स्थित इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) नेता अभय सिंह चौटाला के निजी फार्महाउस में रह रहे हैं।

पूर्व उपराष्ट्रपति के तौर पर धनखड़ को करीब 2 लाख रुपये मासिक पेंशन और सरकारी आवास समेत कई सुविधाओं का अधिकार है। दिसंबर 2025 की रिपोर्टों में भी उनके लिए टाइप-VIII आवास और अन्य सुविधाओं का उल्लेख किया गया था।

SIR में कई हाई-प्रोफाइल नाम

SIR नोटिस पाने वालों की सूची में सिर्फ धनखड़ ही नहीं हैं। लालकृष्ण आडवाणी और एस. जयशंकर के अलावा चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू, पूर्व दिल्ली उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पूर्व दिल्ली उपराज्यपाल नजीब जंग और कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम भी सामने आए हैं।

Leave a Reply