छात्रों के सुसाइड, पेपर लीक से H-1B वीजा फीस तक… कांग्रेस ने केंद्र को घेरा
कांग्रेस के मीडिया विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने IIT बॉम्बे और झांसी में छात्रों की आत्महत्या, परीक्षा पेपर लीक, पश्चिम बंगाल में कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी और अमेरिका में H-1B वीजा के लिए 1 लाख डॉलर की फीस को लेकर केंद्र की मोदी सरकार को घेरा है. इसके साथ ही, उन्होंने इंदौर में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि ये लोग इंदौर में पोस्टर बाजी करते रहेंगे. हम असली मुद्दों को उठाकर आगे निकल जाएंगे. हम नौजवानों के लिए इंसाफ की बात कर रहे हैं. इनको कुर्सी छोड़नी पड़ेगी. युवा बहुत बड़ा मुद्दा है. युवा पीढ़ी के साथ धोखा हो रहा है.
छात्रों की आत्महत्या पर बोले कांग्रेस नेता
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, ‘पेपर लीक की जननी भारतीय जनता पार्टी (BJP) है. सबसे पहला प्रयोग व्यापम के जरिए मध्य प्रदेश में किया था. अब ये व्यापम मॉडल पूरे देश में लागू कर दिया है. आज भी दो आत्महत्या हुई है. एक मुंबई आईआईटी में हुई है, दूसरी झांसी में हुई है. एक के बाद एक नौजवान कुंठा में आकर आत्महत्या कर रहा है, क्योंकि उसको अपना भविष्य अंधकार दिख रहा है और राहुल गांधी युवाओं को रोशनी दिखाने का काम कर रहे हैं.’
मोदी जी ने सब कुछ ट्रंप के कहने पर किया- पवन खेड़ा
उन्होंने कहा, ‘मोदी जी ने सब कुछ ट्रंप के कहने पर किया. ट्रंप के कहने पर MID लगाया. फिर भी हर रोज चोट लग रही है. H-1B वीजा की फीस 1 साल के लिए एक्सटेंड कर दिया गया है. भारत में नौजवानों को नुकसान हो रहा है. विदेश नीति का पूर्ण रूप से सफलता है.’
वहीं, उन्होंने यह भी कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी (BJP) पश्चिम बंगाल में किसी भी तरीके से चुनाव जीतना चाहती है. वे चुनाव हार जाते हैं, तो सांसद-विधायक को चुरा लेते हैं, बीजेपी चोरी और डाका के एक्सपर्ट है.’
छात्रों की गूंज कार्यक्रम पर बोले पवन खेड़ा
पवन खेड़ा ने कहा, ‘जैसे-जैसे छात्रों की गूंज शहर दर शहर आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे भाजपा सरकार के बहाने, धमकियां और इसे रोकने के लिए अपनाए जा रहे हथकंडे भी बढ़ रहे हैं, जिसमें अब मध्य प्रदेश सरकार की बारी है.’
उन्होंने कहा, ‘राजीव गांधी की हत्या का हवाला देने से लेकर कोचिंग सेंटरों पर इस तरह के शपथ-पत्र पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाने तक, जिसमें कार्यक्रम में शामिल होने वाले छात्रों की सुरक्षा के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया जाए, भाजपा इस संभावना से स्पष्ट रूप से घबराई हुई है कि छात्र इकट्ठा होकर अपनी आवाज उठाएंगे, लेकिन डराने-धमकाने से उनकी आवाज दबाई नहीं जा सकेगी.’
उन्होंने आगे कहा, ‘राहुल जी इंदौर आ रहे हैं और छात्रों की आवाज जोरों से, स्पष्ट रूप से गूंजेगी और ऐसे जिसे नजरअंदाज करना मुमकिन नहीं होगा. भाजपा के लिए खेल खत्म हो चुका है. उसके दिन गिने-चुने रह गए हैं.’
