एपीआई की मासिक गोष्ठी में डायबिटीज और हार्ट अटैक पर चिकित्सकों को किया जागरूक

एपीआई की मासिक गोष्ठी में डायबिटीज और हार्ट अटैक पर चिकित्सकों को किया जागरूक
सहारनपुर में मासिक वैज्ञानिक गोष्ठी को संबोधित करते वक्ता।

कार्डियोलॉजिस्ट और हार्मोन रोग विशेषज्ञ ने बताए बचाव व उपचार के जरूरी उपाय

सहारनपुर। एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन ऑफ इंडिया (एपीआई) की जिला शाखा की मासिक वैज्ञानिक गोष्ठी अम्बाला रोड स्थित एक होटल में आयोजित की गई। गोष्ठी में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने डायबिटीज और हृदय रोगों, विशेष रूप से हार्ट अटैक के कारणों, उपचार और बचाव के उपायों पर चिकित्सकों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अंशुल जैन तथा महंत इंद्रेश अस्पताल, देहरादून के वरिष्ठ हार्मोन रोग विशेषज्ञ डॉ. निहित खरकवाल ने अपने विचार रखे। डॉ. अंशुल जैन ने हृदय रोगों की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश में होने वाली कुल मौतों में हृदय रोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि डायबिटीज से पीड़ित व्यक्ति को यदि हार्ट अटैक होता है तो जटिलताओं और मृत्यु का खतरा अधिक हो सकता है। ऐसे मामलों में उपचार में किसी प्रकार की देरी नहीं की जानी चाहिए।

डॉ. निहित खरकवाल ने डायबिटीज के मरीजों के लिए नियमित रूप से ब्लड शुगर नियंत्रित रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक शुगर का नियंत्रण ठीक नहीं रहने पर आंखों, किडनी, हृदय और शरीर की नसों समेत विभिन्न अंगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने मरीजों को संतुलित खान-पान अपनाने और नियमित व्यायाम करने की सलाह दी।

खान-पान और जीवनशैली पर विशेष जोर

एपीआई के अध्यक्ष डॉ. कलीम अहमद ने कहा कि हृदय रोगियों को अपनी जीवनशैली और खान-पान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने अधिक वसायुक्त भोजन, धूम्रपान और रेड मीट के सेवन से बचने तथा मोटापे को नियंत्रित रखने पर जोर दिया।

एपीआई के सचिव डॉ. विकास अग्रवाल ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन वैज्ञानिक सचिव डॉ. सौम्या जैन ने किया।

गोष्ठी में डॉ. अनुपम मलिक, डॉ. नरेश नौसरान, डॉ. मोहन पाण्डेय, डॉ. संजीव मित्तल, डॉ. डी.के. तिवारी, डॉ. अंकुर उपाध्याय, डॉ. डी.के. गुप्ता, डॉ. महेश चन्द्रा, डॉ. विजय अग्रवाल, डॉ. अजय कुमार जैन, डॉ. प्रवीण मित्तल, डॉ. आर.एस. पंवार, डॉ. अनिल मलिक, डॉ. सुधीर अग्रवाल, डॉ. मोहन सिंह, डॉ. प्रवीण चावला, डॉ. अरिष्ट जैन, डॉ. महेश गोयल, डॉ. बी.सी. दत्ता सहित अनेक चिकित्सक मौजूद रहे।

 

Leave a Reply