गणपति महाराज में समस्त प्रकृति की शक्ति समाहित: स्वामी कालेंद्रानंद
गणेश महोत्सव में विधिवत पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं ने आरती में लिया भाग
सहारनपुर। राधा विहार स्थित महाशक्ति पीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर में श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वावधान में आयोजित गणेश महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना की। आचार्य ऋषभ शर्मा ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। इसके बाद भगवान गणेश को भोग अर्पित कर आरती उतारी गई।
इस अवसर पर गणपति महाराज की महिमा का वर्णन करते हुए स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि भगवान गणेश में समस्त प्रकृति की शक्ति समाहित है। उन्होंने कहा कि गणपति महाराज की पूजा-अर्चना करने से सभी कार्य सिद्ध होते हैं। हिंदू धर्म में किसी भी शुभ कार्य या पूजा की शुरुआत भगवान गणेश के पूजन से की जाती है।
स्वामी कालेंद्रानंद ने गणपति के स्वरूप की व्याख्या करते हुए कहा कि मां पार्वती ने प्रकृति रूपी भाव से भगवान गणेश का निर्माण किया और उनमें प्राण प्रतिष्ठित किए। इस प्रकार गणपति भगवान शिव और माता पार्वती के संयुक्त स्वरूप तथा ब्रह्म और प्रकृति के समन्वय का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश की पूजा करने से शिव-पार्वती सहित समस्त देवी-देवताओं की आराधना का फल प्राप्त होता है।
उन्होंने बताया कि गणपति महाराज रिद्धि, सिद्धि और बुद्धि के दाता हैं। इसी कारण उन्हें प्रथम पूज्य देव का स्थान प्राप्त है। किसी भी शुभ कार्य से पहले भगवान गणेश का स्मरण और पूजन करने की परंपरा है।
मूषक वाहन का बताया धार्मिक महत्व
स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने भगवान गणेश के वाहन मूषक से जुड़ी धार्मिक कथा भी सुनाई। उन्होंने बताया कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार मूषक पूर्वजन्म में एक शक्तिशाली दानव था, जो भगवान गणेश के भक्तों को परेशान करता था। भगवान गणेश ने उसका दमन कर उसे अपने वाहन के रूप में स्वीकार किया।
उन्होंने कहा कि भगवान गणेश का यह स्वरूप इस बात का प्रतीक है कि वे अपने भक्तों के कष्टों का निवारण करते हैं और नकारात्मक शक्तियों का अंत कर कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
गणेश महोत्सव के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की और भगवान गणेश से सुख-समृद्धि एवं परिवार के कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर रमेश शर्मा, अश्विनी कांबोज, राकेश राय, तरुण धवन, अनिल नारंग, बबीता, रीना, कुसुम, सुचेता, गीत और राखी सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।
