प्रेमी ने मां के साथ मिलकर की प्रेमिका की हत्या, शव नहर में फेंका

प्रेमी ने मां के साथ मिलकर की प्रेमिका की हत्या, शव नहर में फेंका
देवबंद पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए हत्या के आरोपी मां-बेटे एवं घटना की जानकारी देते एसपी ग्रामीण मयंक पाठक।

पुलिस ने मां-बेटे को किया गिरफ्तार, निशानदेही पर मृतका का मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

सहारनपुर/देवबंद। थाना देवबंद पुलिस ने महिला की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए मां-बेटे समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर महिला से पिछले कई वर्षों से संबंध होने और बदनामी के डर से उससे पीछा छुड़ाने के लिए हत्या करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण मयंक पाठक ने बताया कि बृहस्पतिवार को मृतका के परिजनों की ओर से कोतवाली देवबंद में तहरीर देकर ग्राम सैनपुर उर्फ शहजादपुर निवासी मोहित पुत्र घसीटू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मोहित की मां ओमवती पत्नी घसीटू का नाम भी कथित रूप से सामने आया।

एसपी ग्रामीण के अनुसार, थाना देवबंद पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान, उपनिरीक्षक देवेंद्र भाटी, दीपक मावी और महिला उपनिरीक्षक रश्मि के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में वांछित मोहित और उसकी मां ओमवती को उनके मकान से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आई हत्या की वजह

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी मोहित ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली मृतका के साथ उसका पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग था। आरोपी के अनुसार, वह अपने भाई की साली से शादी करना चाहता था और उसे आशंका थी कि महिला के साथ उसके संबंध सामने आने पर बदनामी हो सकती है। इसी कारण वह महिला से संबंध समाप्त करना चाहता था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि 15 सितंबर को उसने महिला को अपने घर की छत पर बुलाया। वहां उसका मोबाइल फोन लेकर उसे स्विच ऑफ कर दिया और कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपनी मां की मदद से शव को अपने भाई की मोटरसाइकिल पर ले जाकर साखन नहर में फेंक दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और चालान कर जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में बरामद मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल को साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।

Leave a Reply