मेला गुघाल के लिए संजय सैनी संयोजक, चार महिला पार्षद बनीं सहसंयोजक
महापौर डॉ. अजय कुमार ने सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देकर दिया सामाजिक समरसता का संदेश
सहारनपुर। मेला गुघाल को लेकर नगर निगम की तैयारियों को गति देते हुए महापौर डॉ. अजय कुमार ने शुक्रवार को मेला संयोजक और सहसंयोजकों के नामों की घोषणा कर दी। महापौर ने अलग-अलग सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देते हुए मेला आयोजन के माध्यम से सौहार्द और सामाजिक समरसता का संदेश देने की पहल की है।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम बोर्ड की बैठक में मेला गुघाल के संयोजक और सहसंयोजकों की नियुक्ति का अधिकार सदन ने सर्वसम्मति से महापौर डॉ. अजय कुमार को सौंपा था। इसी अधिकार के तहत महापौर ने वार्ड 41 के पार्षद संजय सैनी को मेला संयोजक नियुक्त किया है।
वहीं, सहसंयोजक के रूप में अलग-अलग वर्गों का प्रतिनिधित्व करने वाली चार महिला पार्षदों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें वार्ड 46 की पार्षद ज्योति अग्रवाल, वार्ड 12 की पार्षद सीमा कात्यायनी, वार्ड 10 की पार्षद रेनू शर्मा और वार्ड 7 की पार्षद अल्पना शामिल हैं।
आस्था के साथ सौहार्द और समरसता का प्रतीक है मेला
महापौर डॉ. अजय कुमार ने संयोजक एवं सहसंयोजकों के नामों की घोषणा करते हुए कहा कि श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज समाज के सभी वर्गों में श्रद्धा और आस्था के केंद्र हैं। इसी कारण मेला गुघाल केवल धार्मिक आस्था का आयोजन नहीं, बल्कि आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि मेला संयोजक और सहसंयोजकों के मनोनयन में विभिन्न सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। उनका कहना है कि इससे मेले के आयोजन में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित होगी और आपसी भाईचारे का संदेश मजबूत होगा।
पहले से अधिक भव्य बनाने की तैयारी
महापौर ने बताया कि इस वर्ष मेला गुघाल को पिछले वर्षों की अपेक्षा और अधिक भव्य, आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और महानगरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने महानगर के सभी लोगों से मेला गुघाल में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
