एसबीआई पेंशनर्स एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की पहली बैठक
पेंशनर्स की समस्याओं और सुविधाओं पर हुआ मंथन, डिस्पेंसरी में दवाओं की उपलब्धता बढ़ाने की मांग
सहारनपुर। भारतीय स्टेट बैंक पेंशनर्स एसोसिएशन सहारनपुर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की प्रथम बैठक देहरादून रोड स्थित एक होटल में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के एसबीआई पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं के साथ उन्हें मिल रही सुविधाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष आरके भटनागर ने की। उन्होंने बैंक की ओर से संचालित चिकित्सा डिस्पेंसरी की व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। उपाध्यक्ष रामकुमार सिंह एवं अनिल सिंघल ने डिस्पेंसरी में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए दवाओं की उपलब्धता बढ़ाने की मांग की।
जिला सचिव एसडी शर्मा ने बैंक की स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी का समय से नवीनीकरण सुनिश्चित कराने की आवश्यकता बताई। उन्होंने दिवंगत पेंशनर्स के परिजनों को मिलने वाली तात्कालिक वित्तीय सहायता के संबंध में भी जानकारी दी।
सहसचिव अनिल शर्मा ने सुझाव दिया कि एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पेंशनर्स से लगातार संपर्क बनाए रखें। विशेष रूप से ऐसे पारिवारिक पेंशनर्स, जो स्मार्टफोन का इस्तेमाल नहीं करते हैं, उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेने पर जोर दिया गया।
अरुण बंसल एवं बलराम अहलूवालिया ने आगामी एक नवंबर से शुरू होने वाले जीवन प्रमाणपत्र प्रस्तुतिकरण माह को लेकर सभी पेंशनर सदस्यों को समय से जीवन प्रमाणपत्र जमा कराने के लिए प्रेरित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी अपने क्षेत्रों में पेंशनर्स को इसके लिए जागरूक करें, ताकि किसी सदस्य को परेशानी का सामना न करना पड़े।
अंत में अध्यक्ष आरके भटनागर एवं सचिव एसडी शर्मा ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
बैठक में उपाध्यक्ष रणबीर सिंह, सहसचिव अनिल शर्मा, संजय शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, उप कोषाध्यक्ष आरपी शर्मा, एमआई खान, विजय सब्बरवाल, जयशंकर शर्मा, संजय बंधु, पदम सिंह, अरविंद शर्मा, अजय जैन, बलदेव राज, प्रवीण जैन आदि मौजूद रहे।
