जनगणना 2027 में ओबीसी वर्ग का अलग कॉलम जोड़ने की मांग

जनगणना 2027 में ओबीसी वर्ग का अलग कॉलम जोड़ने की मांग
सहारनपुर में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकर्ता।

कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा

सहारनपुर। जनगणना-2027 के फार्म में ओबीसी वर्ग के लिए अलग कॉलम जोड़ने और पहले से निर्धारित जातियों की सूची प्रगणकों के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा।

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग विभाग उत्तर प्रदेश के सलाहकार सदस्य अशोक सैनी ने कहा कि जनगणना फार्म में ओबीसी वर्ग के लिए अलग कॉलम नहीं जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि जातियों की पूर्व निर्धारित सूची उपलब्ध कराने के बजाय जाति संबंधी जानकारी दर्ज करने के लिए ओपन-एंडेड प्रक्रिया अपनाए जाने की बात सामने आ रही है। इससे जातियों के नाम दर्ज करने में विसंगतियां पैदा होने की आशंका है। एक ही जाति के अलग-अलग नाम दर्ज होने से जातिगत आंकड़ों की शुद्धता भी प्रभावित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि यदि सही जातिगत आंकड़े उपलब्ध नहीं होंगे तो पिछड़े और वंचित वर्गों की वास्तविक सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक स्थिति का आकलन करना मुश्किल होगा। इसका प्रभाव आबादी के अनुपात में आरक्षण, सरकारी नौकरियों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं संसाधनों में हिस्सेदारी से जुड़ी नीतियों पर भी पड़ सकता है।

ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सैनी और प्रदेश महासचिव वीर सेन योगी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जातिगत जनगणना की प्रक्रिया में ऐसी खामियां छोड़ रही है, जिससे ओबीसी वर्ग के हक और अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग इस मुद्दे को लेकर लगातार आवाज उठाता रहेगा।

कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मेहरबान आलम, ओबीसी विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष अक्षय चौधरी, पूर्व पार्षद चंद्रजीत निक्कू, प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी, पूर्व प्रदेश सचिव सत्यम संयम भूरयान, सैनीव अरविंद पालीवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी विचार रखे।

ज्ञापन कार्यक्रम में गुलशेर आलम, एडवोकेट सतीश कश्यप, अनुज शर्मा, सतपाल बर्मन, रवि कुमार, रणवीर चौधरी, नसीब खान, अतर सिंह सैनी, सुरेंद्र सिंह सैनी, चरण सिंह सैनी, शहनाज बेगम, रमा देवी, लाखन कश्यप, दीपक सैनी, जगपाल चौधरी, एडवोकेट विक्की, विशाल, अभिषेक सैनी, अर्जुन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply