नवीन कारागार के लिए जमीन देने को तैयार किसान, चार गुना मुआवजे पर जताई सहमति

नवीन कारागार के लिए जमीन देने को तैयार किसान, चार गुना मुआवजे पर जताई सहमति

डंघेड़ा, नंदपुर और लाखनौर के किसानों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, जल्द बैनामा प्रक्रिया शुरू कराने की मांग

देवबंद। क्षेत्र के गांव डंघेड़ा, नंदपुर और लाखनौर के किसानों ने नवीन कारागार के निर्माण के लिए चयनित अपनी भूमि को सर्किल रेट के चार गुना मुआवजे पर देने पर सहमति जताई है। किसानों ने सोमवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा और नियमानुसार बैनामा प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग की।

किसानों ने एसडीएम विजय कुमार को सौंपे पत्र में कहा कि नवीन कारागार के निर्माण के लिए प्रशासनिक स्तर पर डंघेड़ा, नंदपुर और लाखनौर गांवों की भूमि का चयन किया गया है। इस संबंध में शासन स्तर से भी स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। किसानों ने स्पष्ट किया कि वे अपनी भूमि का बैनामा सर्किल रेट के चार गुना मुआवजा दर पर स्वेच्छा से कराने के लिए तैयार हैं और उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं है।

किसानों ने कहा कि उनकी सहमति के बावजूद बैनामा प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार है। उन्होंने एसडीएम से मांग की कि उच्चाधिकारियों से आवश्यक आदेश प्राप्त कर भूमि के बैनामे की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराई जाए, ताकि नवीन कारागार निर्माण की कार्रवाई आगे बढ़ सके।

एसडीएम विजय कुमार ने किसानों को आश्वासन देते हुए बताया कि उच्चाधिकारियों से आदेश प्राप्त होते ही नियमानुसार बैनामा प्रक्रिया जल्द शुरू करा दी जाएगी।

ज्ञापन देने वालों में अंकित कुमार, सुशीला, सुनील, मधु कौशिक, शौकत अली, विजयपाल, राजकुमार, रीता देवी, प्रवीण त्यागी, रेखा, मांगेराम आदि शामिल रहे।

Leave a Reply