‘पुतिन डील करना चाहते हैं, लेकिन वो और जेलेंस्की एक-दूसरे से नफरत करते हैं’, डोनाल्ड ट्रंप का दावा, ईरान पर भी बोले
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को रूस-यूक्रेन जंग से लेकर ईरान से जारी झड़पों भी अहम बयान जारी किए हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की थी। इस बातचीत के बारे में ट्रंप ने कहा कि पुतिन जंग रोकने के लिए डील करना चाहते हैं लेकिन वे और जेलेंस्की एक-दूसरे से नफरत करते हैं। आइए जानते हैं कि डोनाल्ड ट्रंप ने और क्या कुछ कहा है।
पुतिन एक डील करना चाहते हैं- ट्रंप
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई बातचीत को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- “हमारे बीच काफी अच्छी बातचीत हुई है। पुतिन एक डील करना चाहते हैं। अगर जेलेंस्की भी डील करना चाहें, तो ये काफी अच्छी बात होगी। लेकिन दिक्कत ये है कि ये दोनों लोग एक-दूसरे से नफरत करते हैं।” आपको बता दें कि हाल ही में ट्रंप के दूत जेरेड कुशनर और स्टीव विटकोफ ने बीते शनिवार और रविवार को मॉस्को और कीव का दौरा किया था।
ईरान के साथ युद्ध कब खत्म होगा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात पर बयान दिया है कि ईरान के साथ अमेरिका का युद्ध कब खत्म होगा। ट्रंप ने कहा- “मुझे ऐसा लगता है कि चुनाव (अमेरिका में मध्यावधि चुनाव) के बाद ये जंग तुरंत खत्म हो जाएगी। वे पूरी कोशिश कर रहे हैं कि चुनाव प्रभावित हो जाए। इसलिए ताकि अमेरिका में एक अच्छा, कमजोर लोगों का ग्रुप आ जाए और उन्हें (ईरान) को अकेला छोड़ दिया जाए और उन्हें अपने परमाणु हथियार रखने दिए जाएं।”
ईरान के साथ वार्ता के मुद्दे पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि “मैं परमाणु डील से कहीं ज्यादा बड़ा कुछ कर रहा हूं। परमाणु के मुद्दे के अलावा भी बहुत कुछ है। परमाणु डील तो होगी ही। इसकी संभावना 99.9 प्रतिशत है, लेकिन बातचीत की टेबल पर ऐसी कई और चीजें भी होंगी जो 3 महीने पहले नहीं थीं।”
ईरानी टैंकरों पर भीषण हमले
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी टैंकरों पर हुए हमलों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि “अमेरिकी सेना ने ईरान के 9 जहाजों को तबाह कर दिया है। मैं बता दूं कि ये हमले मैंने किए हैं, आप लोगों को आगे भी बहुत कुछ देखने को मिलेगा। हमने उनके 9 टैंकरों को तबाह कर दिया है। इनमें से कई तो पूरी तरह से खत्म हो गए हैं।”
