बिजनौर के हर गांव में गुलदार पकड़ने को लगाना पड़ेगा पिंजरा!

– खेत, गांव और रास्तों तक गुलदारों की दस्तक से दहशत
– धनसिनी में आठ माह में छह गुलदार पकड़े, पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता

अमित प्रजापति, नजीबाबाद।

बिजनौर में गुलदारों की बढ़ती सक्रियता अब ग्रामीणों के लिए बड़ी चिंता बनती जा रही है। खेतों से लेकर गांव और छोटे-बड़े रास्तों तक लगातार गुलदार दिखाई देने से लोगों में भय का माहौल है। हालात यह हैं कि लगाए जा रहे पिंजरों में लगातार गुलदार फंस रहे हैं। इससे जहां ग्रामीण अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, वहीं पशुओं को लेकर भी उनकी चिंता बढ़ गई है।

ग्राम धनसिनी में बुधवार रात चौधरी सीताराम के खेत में लगाए गए पिंजरे में गुलदार कैद हो गया। सुबह जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पिछले कई माह से क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही के कारण किसान खेतों में अकेले जाने से भी बच रहे थे। गुलदार के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

पकड़े गये छह गुलदार

ग्राम प्रधान प्रशासक सुरेश कुमार रवि के अनुसार, धनसिनी ग्राम पंचायत क्षेत्र में करीब आठ माह में छह गुलदार पकड़े जा चुके हैं। बुधवार रात पकड़ा गया गुलदार इस अवधि का छठा गुलदार है। लगातार गुलदार पकड़े जाने के बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में उनकी आवाजाही पूरी तरह थमी नहीं है।

समीपुर में भी लगाये गये है पिंजरे

समीपुर क्षेत्र में भी खेतों और आबादी के आसपास गुलदारों की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने पिंजरे लगाए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से लगातार निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदारों की बढ़ती संख्या से अब केवल खेतों में काम करने वाले किसान ही नहीं, बल्कि गांवों में रहने वाले परिवार और पशुपालक भी चिंतित हैं।

Leave a Reply