सरदार कंवलजीत सिंह राजू बने सपा महानगर उपाध्यक्ष
सहारनपुर। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ने के बीच समाजवादी पार्टी ने संगठन का विस्तार किया है। महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी एवं वरिष्ठ सपा नेता व पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने सरदार कंवलजीत सिंह राजू को महानगर उपाध्यक्ष मनोनीत कर नियुक्ति पत्र सौंपा।
इस अवसर पर हाजी नवाब अंसारी ने कहा कि पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद से ही कंवलजीत सिंह राजू लगातार संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और व्यापारियों को पार्टी से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने भाजपा पर सिख समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सिख समाज राजनीतिक भागीदारी और सम्मान चाहता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सहारनपुर के सिख समाज को विशेष सम्मान और राजनीतिक भागीदारी देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कंवलजीत सिंह राजू को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सरदार परमीत सिंह, इजहार राजा, शुभम वर्मा, गौरव, रवि यादव, सरदार जोगिंदर सिंह, शुभम थापा आदि मौजूद रहे।
