यूपी-बिहार से एमपी और असम-मिजोरम तक आज भारी बारिश का अलर्ट, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

यूपी-बिहार से एमपी और असम-मिजोरम तक आज भारी बारिश का अलर्ट, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने 26 से 31 अगस्त के बीच देश के कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी, पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों के दौरान बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से दोपहर के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

27 अगस्त को भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और दोपहर के समय कुछ जगहों पर बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन के समय करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

यूपी और उत्तराखंड में भी बारिश के आसार

26 और 27 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में अगले दो दिनों के दौरान झमाझम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है।

मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में बारिश

26 अगस्त को मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में व्यापक बारिश होने का अनुमान है। विदर्भ में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में 31 अगस्त तक बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार, 26 से 31 अगस्त के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा में कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई हिस्सों में 26 से 31 अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज के साथ आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply