सीआईएस के छठे स्थापना दिवस पर सेवा कार्यों के माध्यम से समाजसेवा का संकल्प साकार
सहारनपुर। चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज के छठे स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था द्वारा सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना के साथ विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए गए। संस्था ने अपने स्थापना दिवस को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए समाज के जरूरतमंद वर्ग के बीच पहुंचकर सेवा कार्यों के माध्यम से सार्थक बनाया।
इस अवसर पर सीआईएस के पदाधिकारी एवं सदस्य सर्वप्रथम कुष्ठ आश्रम खलासी लाइन, फाटक के पास, पहुंचे। नर सेवा नारायण सेवा के भाव से संस्था की ओर से आश्रमवासियों के लिए आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया तथा उनके साथ समय बिताकर सेवा एवं सहयोग का भाव प्रकट किया गया। इसके उपरांत सीआईएस के सदस्य सिविल हॉस्पिटल के इमरजेंसी गेट के बाहर, बाजोरिया रोड, स्थित एचटीसी द्वारा संचालित रसोई ऑन व्हील्स पहुंचे। यहां संस्था की ओर से जरूरतमंद लोगों को स्नेहपूर्वक भोजन कराया गया। सेवा कार्य में सीआईएस के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जरूरतमंदों के साथ आत्मीयता और मानवीय संवेदना का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना ही किसी भी संस्था की वास्तविक सफलता है
सीआईएस भविष्य में भी समाजहित एवं जनसेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस शुभ अवसर पर संस्था के संरक्षक अमर गुप्ता, चेयरमैन एच.एस. चड्ढा, संस्थापक अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष स. बलजीत सिंह चावला, महासचिव अमित चैधरी, संयुक्त महासचिव रवि टंडन, कोषाध्यक्ष नीरज मिड्ढा, श्रीमती सुषमा बजाज, अनिल गुप्ता, परम बत्रा, अमित कुमार टक्कर आदि सदस्यगण उपस्थित रहे।
