अग्निवीर भर्ती रैली में मुरादाबाद के अभ्यर्थियों ने दिखाया दमखम

अग्निवीर भर्ती रैली में मुरादाबाद के अभ्यर्थियों ने दिखाया दमखम

सहारनपुर। अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान शुक्रवार को मुरादाबाद जिले की ठाकुरद्वारा, कांठ, मुरादाबाद और बिलारी तहसील के अभ्यर्थियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ प्रतिभाग किया। सेना में भर्ती होकर देशसेवा करने के जुनून के साथ युवाओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। गाधी पार्क के स्थित डा.भीम राव अम्बेडकर स्टेडियम में आयोजित भर्ती रैली के लिए इन तहसीलों से कुल 1,190 अभ्यर्थियों को रनिंग के लिए बुलाया गया था, जिनमें से 1,060 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत आयोजित दौड़ में 830 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। भर्ती रैली में युवाओं ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह नजर आया। अग्निवीर बनने की दिशा में सफलता हासिल करने वाले अभ्यर्थियों ने इसे अपने सपने की ओर महत्वपूर्ण कदम बताया। रैली के दौरान अभ्यर्थियों में देशसेवा के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।