जनपद में हर घर तिरंगा कार्यक्रम को देशभक्ति से ओत-प्रोत बनाने के लिए संबंधित विभागों को दिए निर्देश

शासकीय भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, होटलों, कार्यालयों, बांधों, पुलों आदि पर ध्वजारोहण समारोह और तिरंगा प्रकाश व्यवस्था की जाए सुनिश्चित

सहारनपुर। जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान के निर्देशन में जनपद में 09 से 17 अगस्त तक मनाए जाने वाले हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित राजेश महाजन ने निर्देश दिए कि सभी विभाग हर घर तिरंगा कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम के लिए आमजनों को प्रोत्साहित कर दिन-प्रतिदिन की रणनीति बनाकर कार्यक्रम आयोजित करें। जनपद में हर घर तिरंगा कार्यक्रम को देशभक्ति से ओत-प्रोत बनाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि दिए गए लक्ष्य के सापेक्ष शेष झंडों को तैयार कर समय से वितरण करना सुनिश्चित करें।

मुख्य विकास अधिकारी ने झण्डा तैयार करने हेतु निर्देश दिए कि झण्डे का आकार आयताकार होना चाहिए, लम्बाई एवं चौड़ाई में 3:2 होना चाहिए। झण्डा बनाने के लिए खादी, हाथ एवं मशीन से बने हुए सूती, पॉलिस्टर, ऊनी, सिल्क कपड़े का प्रयोग किया जा सकता है। झण्डे के तीन रंगों में सबसे ऊपर केसरिया, बीच में सफेद और नीचे हरे रंग के प्रयोग के साथ ही सफेद पट्टी में 24 तीलियों वाले अशोक चक्र को बाद में प्रिन्ट किया जाना अनिवार्य किया गया है।

श्री सुमित राजेश महाजन ने झण्डा फहराने के नियम बताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने आवास, स्कूल, सरकारी कार्यालयों में झण्डा सम्मान के साथ ध्वज संहिता का अनुपालन करते हुए फहराना है। राष्ट्रध्वज फहराते समय केसरिया पट्टी झण्डे में ऊपर की ओर होनी चाहिए। झण्डा यदि सरकारी परिसर में फहराया जाता है तो सूर्याेदय के उपरान्त ध्वजारोहण किया जाना चाहिए और सूर्यास्त के साथ पूरे सम्मान के साथ उतारना चाहिए। 13-15 अगस्त तक निजी आवासों एवं प्रतिष्ठानों पर लगाए जाने वाले झण्डों को निर्धारित समयावधि के उपरान्त पूर्ण आदरभाव एवं सम्मान के साथ उतारकर सुरक्षित रखा जाएगा। हर घर पर झण्डा सही तरीके से लगाया जाना चाहिए। आधा झुका, कटा या फटा झण्डा किसी भी दशा में न लगाया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज संहिता अक्षरशः अनुपालन करते हुए तिरंगे को स्थापित किया जाए। कार्यक्रम के उपरान्त झण्डे को सुरक्षित रखें, ताकि आने वाली पीढ़ी अपने पूर्वज को राष्ट्रप्रेम से जुड़ा हुआ महसूस करते हुए स्मृतियों में आपको याद कर सके। उन्होंने आमजनमानस से अपील करते हुए कहा कि सम्पूर्ण कार्यक्रम के दौरान तिरंगे के साथ सेल्फी www.harghartiranga.com पर अपलोड करके अभियान में अपना नाम दर्ज करें। अपना सर्टिफिकेट बनाएं और इसे डाउनलोड करें ।

Leave a Reply