कांग्रेस तैयार, सपा ने फंसाया पेंच; अखिलेश यादव के बयान से मिले संकेत
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद सत्र पर कहा कि सरकार के तरफ से बहुत ही साफ शब्दों में कह दिया गया है कि छात्र आंदोलन और उससे जुड़े हुए जो भी चीज हैं उस पर विस्तृत से सरकार चर्चा करने के लिए तैयार है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लेकिन चर्चा के दौरान हंगामा नहीं करेंगे और गृह मंत्री का, सरकार का जवाब पूरी तरह से शांति से सुनेंगे ये भी आपको विश्वास दिलाना पड़ेगा. अब उनके इस बयान पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को राम मंदिर के चोरी के मुद्दे पर भी बात करनी चाहिए.
सरकार बयान देने को तैयार है लेकिन आप मान नहीं रहे हैं. इस पर सपा चीफ अखिलेश यादव ने हाथ में पकड़ी तख्ती दिखाते हुए कहा कि इस पर कब बात होगी. जिस पर लिखा हुआ था दूध का दूध और पानी का पानी. इसी दौरान अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि चंदा चोरी, चढ़ावा चोरी पर जवाब कब मिलेगा. चोरी नहीं डकैती है ये नृपेंद्र मिश्रा ने कबूल किया है.
वहीं अखिलेश यादव ने कहा कि करोड़ों लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है, इसका जवाब कौन देगा. जब उनसे पूछा गया कि आप लोगों की मांग थी कि छात्रों के मुद्दे पर गृह मंत्री जवाब दें…अब वह जवाब देने के लिए तैयार हैं. इस पर सपा चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को दोनों मुद्दों पर जवाब देना चाहिए, छात्रों के मुद्दे पर भी और राम मंदिर चोरी के मुद्दे पर भी.
इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि हम चाहते हैं दूध का दूध और पानी का पानी जब होना हो हो लेकिन चांदी की चांदी और सोने का सोना वापस हो जाए. जितना छात्रों का मसला इंपॉर्टेंट है उतना ही आस्था के साथ जो खिलवाड़ हुआ वह इंपॉर्टेंट है, सरकार दोनों पर चर्चा करे, विपक्ष तैयार है.
सरकार चंदा चोरी और छात्र आंदोलन विषय पर चर्चा करे- अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा विपक्ष पहले दिन से चाह रहा है कि छात्र मामलों पर गृह मंत्री का बयान आ जाए. लेकिन सरकार तैयार नहीं है जब दो दिन बचे हैं और अभी भी सरकार के पास समय है कि दोनों (चंदा चोरी और छात्र आंदोलन) विषय पर चर्चा करें. ये सामान्य बात नहीं कि प्रभु राम जी के चढ़ावे की चोरी हो जाए. करोड़ों लोगों की आस्था का सवाल है आखिरकार इस पर कौन जवाब देगा?….छात्र और युवाओं पर जो लाठी चली है इस पर भी जवाब दें.’
हमारे लिए ये दोनों विषय बराबर- अवधेश प्रसाद
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के बयान पर कहा दो विषय हैं, एक तो छात्रों से जुड़ा है और दूसरा चंदा चोरी का विषय है. दोनों मामलों पर समाजवादी पार्टी, हमारे नेता अखिलेश यादव और हम सभी चाहते हैं कि चर्चा हो लेकिन ऐसा लगता है कि सरकार ये नहीं चाहती. चंदा चोरी का विषय करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है. सरकार की तरफ से, खासतौर से प्रधानमंत्री की ओर से देश इस विषय को जानना चाहता है, हमारे लिए ये दोनों विषय बराबर हैं.”
