भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर व्यापारियों ने शहीदों को किया नमन

भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर व्यापारियों ने शहीदों को किया नमन
सहारनपुर में गांधी प्रतिमा के समक्ष शहीदों को नमन करते व्यापारी।
  • प्रत्येक नागरिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहे: शीतल टंडन

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई की ओर से भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर स्थानीय गांधी पार्क में कार्यक्रम आयोजित कर देश की आजादी के लिए प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों एवं महान क्रांतिकारियों को नमन किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष आयोजित हुआ।

जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने कहा कि 9 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी ने मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान से अंग्रेजी शासन के खिलाफ देशवासियों को एकजुट होकर संघर्ष का आह्वान किया था। देशवासियों की एकजुटता और संघर्ष के परिणामस्वरूप भारत को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि आज फिर एकजुट होकर देश में व्याप्त साम्प्रदायिकता, गरीबी, हिंसा, आतंकवाद, निरक्षरता और भ्रष्टाचार जैसी बुराइयों के खिलाफ आवाज बुलंद करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के संघर्ष में व्यापारी वर्ग का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के बलिदान से देश ने अनेक गौरवपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम ने देश की सुरक्षा एवं सम्मान को हमेशा मजबूत किया है।

शीतल टंडन ने कहा कि जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान के आह्वान पर व्यापार मंडल स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों की श्रृंखला में सक्रिय सहभागिता करेगा। उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘घर-घर तिरंगा’ अभियान को पूरे जनपद में सफल बनाने के लिए व्यापार मंडल सहयोग करेगा। उन्होंने समाज में गिरते नैतिक मूल्यों पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। देश के प्रति निष्ठा, जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यक्ति को एक आदर्श नागरिक की भूमिका निभानी होगी। कार्यक्रम में जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, भोपाल सिंह सैनी, सविता राणा, प्रतिभा भटनागर, भारती भटनागर, संजीव सचदेवा, वसीम, राकेश बंसल, दीपक, अंकुश कर्णवाल, मानवीर सिंह, मानस्वी राणा, ब्यूटी राणा, अश्वनी, माही, अग्रेआ, माधव, पीयूष सहित बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply