कांवड़ यात्रा को दुर्घटना रहित बनाने पर पुलिस की मंथन बैठक,
सहारनपुर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं दुर्घटना रहित संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर अभिनन्दन ने शनिवार को पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें। पुलिस का उद्देश्य सुरक्षित, सुगम और एक्सीडेन्ट रहित कांवड़ यात्रा सुनिश्चित करना है। गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिन्दल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मंयक पाठक, पुलिस अधीक्षक यातायात शैलेन्द श्रीवास्तव, समस्त क्षेत्राधिकारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने अधिकारियों को कांवड़ मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में कांवड़ मार्गों पर होने वाली संभावित सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक रणनीति पर मंथन किया गया। अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन कराने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
