दुग्ध विकास विभाग के 50 वर्ष पूरे, सहारनपुर में जिला दुग्ध संगोष्ठी आयोजित

दुग्ध विकास विभाग के 50 वर्ष पूरे, सहारनपुर में जिला दुग्ध संगोष्ठी आयोजित

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश दुग्ध विकास विभाग के स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास भवन सभागार में जिला दुग्ध संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वदेशी गोसंवर्धन योजना के अंतर्गत चयनित 28 लाभार्थियों (14 महिला एवं 14 पुरुष) को चयन एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। साथ ही किसानों को मिनी नंदिनी समृद्धि योजना, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना तथा मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

संगोष्ठी में दुग्ध विकास विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र, जिला सहकारी बैंक तथा नाबार्ड के विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक डेयरी प्रबंधन, पशुपालन की आधुनिक तकनीकों, टीकाकरण, वित्तीय सहायता और सहकारिता आधारित विकास पर विस्तार से चर्चा की।

विशेषज्ञों ने किसानों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण और आधुनिक डेयरी व्यवसाय अपनाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि डेयरी क्षेत्र को मजबूत बनाकर किसानों की आय में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक किसान, पशुपालक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।