जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्वच्छता एवं जनसुविधाओं के व्यापक प्रबंध

सहारनपुर। जिलाधिकारी श्री अरविन्द कुमार चौहान के निर्देशानुसार जनपद में कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्तों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंचायतीराज विभाग द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग पर व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाओं के प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, जिससे कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला पंचायत राज अधिकारी श्री प्रदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन हेतु 10 सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त 40 ग्राम पंचायत सचिवों की विभिन्न कांवड़ मार्गों एवं शिविर स्थलों पर ड्यूटी लगाई गई है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी एवं समन्वय का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कांवड़ मार्ग एवं शिविर स्थलों पर चौबीसों घंटे स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए 685 सफाई कर्मियों की ड्यूटी 8-8 घंटे की तीन शिफ्टों में लगाई गई है। वहीं मार्ग पर स्थित 35 सामुदायिक शौचालयों पर प्रत्येक स्थान पर दो-दो सफाई कर्मियों की 12-12 घंटे की शिफ्ट में तैनाती की गई है, जिससे शौचालयों की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जा रहा है। कांवड़ यात्रियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए सभी सामुदायिक शौचालयों की रंगाई-पुताई, मरम्मत एवं प्रकाश व्यवस्था पूर्ण कराई गई है।
इसके साथ ही कांवड़ मार्ग एवं शिविर स्थलों पर 80 डस्टबिन स्थापित किए गए हैं, जिससे स्वच्छता बनाए रखने में सहायता मिल रही है और श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो रहा है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कांवड़ मार्ग पर स्थित 89 हैंडपम्पों की मरम्मत कर उन्हें सुचारु रूप से संचालित कराया गया है। इसके अतिरिक्त जिन स्थानों पर जिला पंचायत द्वारा प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी, वहां ग्राम पंचायतों द्वारा लगभग 45 किलोमीटर कांवड़ मार्ग पर अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था कराई गई है, जिससे रात्रिकाल में भी श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल रही है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कांवड़ यात्रा की अवधि तक सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत प्राप्त होने पर उसका त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि जनपद सहारनपुर से होकर गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो तथा कांवड़ यात्रा सकुशल एवं शांति