ग्रेटर नोएडा में आग बुझाने के दौरान हादसा, दीवार और बीम गिरने से 2 दमकलकर्मियों की मौत, 3 घायल
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 में एक कंपनी में भीषण आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। इसी दौरान कंपनी की साइड की एक दीवार एवं लोहे का एक बीम गिर जाने के कारण दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गए हैं।
इकोटेक-3 में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक दिनांक 03/04 अगस्त की रात ईकोटेक 3 क्षेत्रान्तर्गत ILGIM कंपनी ईकोटेक 3 (जिसमें इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का कार्य होता है) में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत से आग पर काबू पा लिया। लेकिन इसी दौरान कंपनी की साइड की एक दीवार एवं लोहे का एक बीम गिर जाने के कारण फायर ब्रिगेड के पांच कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो दमकलकर्मियों की मौत
घायलों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव शामिल हैं। सभी को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन अन्य घायल दमकलकर्मियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस और SDRF की टीम मौके पर मौजूद
पुलिस के मुताबिक फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। घटना के बाद पुलिस अधिकारी और SDRF की टीम मौके पर मौजूद है। हादसे को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि ग्रेटर नोएडा का ईकोटेक-3 मुख्य रूप से इंडस्ट्रीयल एरिया है। हालांकि इसके आसपास कुछ रिहायशी और मिक्स्ड यूज वाले इलाके भी विकसित हुए हैं। ईकोटेक-3 में बड़ी संख्या में फैक्ट्रियां, मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और औद्योगिक प्रतिष्ठान हैं। यहां इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग, ऑटो कंपोनेंट्स और अन्य औद्योगिक ईकाइयां संचालित होती हैं।
इससे पहले पिछले महीने नोएडा के थाना फेज-2 क्षेत्र के सेक्टर-88 स्थित एक प्राइवेट कंपनी में भीषण आग लग गई थी। यह आग तकरीबन रात के 11 बजे लगी थी। उस वक्त कंपनी में कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। यही वजह रही कि आग लगने की वजह से कोई हताहत नहीं हुआ है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया
