वरिष्ठ नागरिकों को सोशल मीडिया से जोड़ने का अभियान तेज, जूम-फेसबुक का दिया प्रशिक्षण
सहारनपुर। अखिल भारतीय सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी के पैरामाउंट क्षेत्र की बैठक पैरामाउंट ट्यूलिप स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधारोपण का आह्वान किया गया तथा वरिष्ठ नागरिकों को जूम एप, फेसबुक और इंस्टाग्राम के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक एवं प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष के.एल. अरोड़ा का पौधा भेंट कर सम्मान किया गया। श्री अरोड़ा ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया की जानकारी प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे जूम, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए समाज और समसामयिक विषयों से जुड़े रहें। उन्होंने सदस्यों से स्वयं को केवल सदस्य नहीं, बल्कि वालंटियर के रूप में कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में पैरामाउंट ट्यूलिप क्षेत्र के खाली प्लॉटों में फैली गंदगी और झाड़ियों पर भी चिंता व्यक्त की गई। सदस्यों ने कहा कि इन स्थानों पर सांप-बिच्छुओं जैसे खतरनाक जीवों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से ऐसे प्लॉटों की शीघ्र सफाई कराने की मांग की। बैठक में मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, संदीप गोयल, रमेश चंद शर्मा, डॉ. प्रीतम सिंह नागियान, ठाकुर सुरेंद्र पाल सिंह, जगपाल सिंह, सुनील कुमार धमीजा, एन.के. मल्होत्रा, इंद्रेश त्यागी, शिवराम शर्मा, एस.पी. सिंह, वी.के. खन्ना, ए.के. सडाना सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
