एसएएम इंटर कॉलेज में रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता आयोजित, एचआईवी/एड्स जागरूकता का दिया संदेश
सहारनपुर। युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को युवा उत्सव (यूथ फेस्ट) के अंतर्गत रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें एसएएम इंटर कॉलेज के कक्षा 8 के छात्र पारस कुमार प्रजापति एवं नकुल सैनी ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया।
देहरादून रोड स्थित विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार गुप्ता एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता में एसएएम इंटर कॉलेज, गुरु नानक इंटर कॉलेज, गुरु नानक कन्या इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज तथा खालसा पब्लिक स्कूल सहित पांच विद्यालयों के कुल 66 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता का संचालन जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार सिंह, वरिष्ठ क्षय रोग लैब पर्यवेक्षक डॉ. एम.पी. सिंह चावला, क्लस्टर प्रोग्राम मैनेजर अमित कुमार, क्लीनिकल सर्विस ऑफिसर ममता चैधरी तथा डाटा मॉनिटरिंग ऑफिसर संदीप कुमार ने किया। प्रतियोगिता में एसएएम इंटर कॉलेज के कक्षा 8 के छात्र पारस कुमार प्रजापति एवं नकुल सैनी ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 9 के छात्र आयुष एवं अभिनव संयुक्त रूप से द्वितीय तथा कक्षा 8 के छात्र आर्यन प्रजापति एवं शाहरून मलिक संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। कक्षा 8 के छात्र वंश एवं कान्हा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता छात्रों को क्रमशः 2500, 2000 और 1500 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि सांत्वना पुरस्कार के रूप में 500 रूपए दिए गए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार गुप्ता ने प्रतिभागी छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के नोडल अधिकारी पंकज कुमार शर्मा की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
