कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित व शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने को सहारनपुर पुलिस प्रतिबद्ध

कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित व शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने को सहारनपुर पुलिस प्रतिबद्ध

सहारनपुर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनदंन  ने गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय टीनशेड में बाहरी राज्यों एवं जनपदों से आने वाले डीजे संचालकों के साथ समन्वय गोष्ठी आयोजित की। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

एसएसपी अभिनंदन ने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन परंपरा का महापर्व है। इसकी सुरक्षा, गरिमा और निर्बाध संचालन सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी डीजे संचालकों को शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक डीजे की लंबाई, चैड़ाई, ऊंचाई और ध्वनि स्तर निर्धारित सीमा के अनुरूप ही होना चाहिए। साथ ही डीजे वाहनों में किसी प्रकार का अनधिकृत या जोखिमपूर्ण संशोधन नहीं किया जाएगा तथा यातायात नियमों और धार्मिक मर्यादाओं का पूरी तरह पालन करना होगा।

एसएसपी अभिनंदन ने कहा कि कांवड़ यात्रा की सफलता केवल प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर नहीं, बल्कि प्रत्येक सहभागी के अनुशासन, जिम्मेदारी और सहयोग पर भी निर्भर करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गोष्ठी में मौजूद सभी डीजे संचालकों ने सहारनपुर पुलिस को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। पुलिस का कहना है कि जनसहभागिता और प्रभावी समन्वय के माध्यम से कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षा, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रबंधन का आदर्श मॉडल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।