RML अस्पताल पहुंचे जेपी नड्डा, CJP प्रदर्शन में घायल लोगों का जाना हाल; डॉक्टरों संग की समीक्षा बैठक
नई दिल्ली। संसद मार्च के दौरान हुए CJP प्रदर्शन के बाद घायल हुए लोगों का हाल जानने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को दिल्ली स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उपचार की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
अस्पताल दौरे के दौरान नड्डा ने डॉक्टरों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक भी की। इस बैठक में घायलों की स्वास्थ्य स्थिति, उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और इलाज की प्रगति की जानकारी ली गई। समीक्षा के बाद उन्होंने अस्पताल प्रशासन को आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राहुल और प्रियंका गांधी भी पहुंचे अस्पताल
जेपी नड्डा से पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी RML अस्पताल पहुंचे थे। दोनों नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान घायल हुए लोगों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उनके परिजनों से भी बातचीत की।
संसद मार्च के दौरान हुई थी झड़प
सोमवार को संसद की ओर निकाले गए CJP के विरोध मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई थी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस दौरान 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि करीब 60 प्रदर्शनकारियों के भी चोटिल होने की सूचना है।
पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने का प्रयास किया, पुलिसकर्मियों पर पथराव और अन्य वस्तुएं फेंकीं, सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया तथा सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाई। इस मामले में कनॉट प्लेस और पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना क्षेत्रों में अज्ञात लोगों के खिलाफ तोड़फोड़ और पथराव समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
CJP प्रतिनिधिमंडल ने नड्डा को सौंपा मांगपत्र
सोमवार को CJP के एक प्रतिनिधिमंडल ने जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगें भी रखीं। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, कथित तौर पर जान गंवाने वाले NEET अभ्यर्थियों के परिजनों को एक करोड़ रुपये के मुआवजे और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई की मांग उठाई।
CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि जब तक उनकी प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार बातचीत के लिए तैयार है और प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से धरना समाप्त करने की अपील की।
सोनम वांगचुक की हालत स्थिर
इस बीच सफदरजंग अस्पताल ने क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर नया मेडिकल बुलेटिन जारी किया है। अस्पताल के अनुसार, उनकी देखरेख डॉक्टरों की बहु-विषयक (मल्टी-डिसिप्लिनरी) टीम कर रही है और उनके सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेत (वाइटल पैरामीटर्स) फिलहाल स्थिर हैं।
हालांकि, उनका ब्लड शुगर स्तर सामान्य से कम बना हुआ है और सीरम पोटैशियम का स्तर 3.2 mEq/L दर्ज किया गया है। अस्पताल ने बताया कि उन्हें ओरल रिहाइड्रेशन थेरेपी और पोटैशियम सप्लीमेंट दिए जा रहे हैं, लेकिन चिकित्सकीय सलाह के बावजूद उन्होंने इंट्रावेनस (IV) फ्लूइड और ग्लूकोज लेने से इनकार किया है।
