देवबंद पहुंचा ओमान का प्रतिनिधिमंडल, हिंदू-मुस्लिम धर्मगुरुओं से की मुलाकात
देवबंद। ओमान का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को देवबंद पहुंचा। इसमें शामिल ओमान डेफ क्रिकेट फेडरेशन के अध्यक्ष मोहम्मद शोएब समेत अन्य सदस्यों ने दारुल उलूम के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी और श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा से मुलाकात की।
ओमान डेफ क्रिकेट फेडरेशन के अध्यक्ष मोहम्मद शोएब और सचिव सुलेमान अल हादी, खेल मंत्रालय में यूपी के चेयरमैन चौधरी सुशील कुमार समेत अन्य सदस्य श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा के आवास पर पहुंचे। यहां उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल पंडित सतेंद्र शर्मा की अगुवाई में इस्लामी तालीम के प्रमुख केंद्र दारुल उलूम पहुंचा और यहां का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने दारुल उलूम के मेहमानखाने में संस्था के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी से मुलाकात की। इसके उपरांत ओमान का प्रतिनिधिमंडल इस्लामिया डिग्री कॉलेज पहुंचा। संस्था के चेयरमैन अजीम-उल-हक समेत स्टाफ ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर उन्होंने खेलों को लेकर विचार रखे। संस्था चेयरमैन ने भविष्य में एआईजीसीएल के साथ कार्य करने का आश्वासन भी प्रतिनिधिमंडल को दिया। इस मौके पर मौलाना मुकीमुद्दीन, रजत शर्मा, धनंजय, राजकुमार, राजबीर सिंह, अभय प्रताप, रविंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
