बैंक कर्मचारियों की 3 दिन की देशव्यापी हड़ताल टली, आज खुलेंगे सभी बैंक

बैंक कर्मचारियों की 3 दिन की देशव्यापी हड़ताल टली, आज खुलेंगे सभी बैंक

नई दिल्ली: बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल टल गई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने रविवार, 27 सितंबर की देर रात हड़ताल स्थगित करने का ऐलान किया। इसके बाद सोमवार को बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।

हड़ताल टालने का फैसला रविवार रात करीब 9:30 बजे इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और UFBU के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया। बैठक में बैंक कर्मचारियों की सभी शनिवार को छुट्टी की मांग समेत कई लंबित मुद्दों पर चर्चा हुई।

आज बैंक खुले हैं या बंद?

तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल स्थगित होने के बाद आज सभी सरकारी और निजी बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। बैंक शाखाओं में कामकाज सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगा।

अगर IBA के साथ बैठक के बाद UFBU हड़ताल वापस लेने पर सहमत नहीं होता, तो बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती थीं। हालांकि, बैठक में मिले आश्वासनों के बाद यूनियनों ने तत्काल हड़ताल टालने का फैसला किया।

सभी शनिवार की छुट्टी पर बनेगी हाईलेवल कमेटी

UFBU के मुताबिक, बैंक कर्मचारियों की सभी शनिवार को छुट्टी की लंबे समय से चली आ रही मांग पर अब IBA और UFBU की एक हाईलेवल कमेटी चर्चा करेगी। यह कमेटी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और सभी संबंधित पक्षों के साथ ऐसा समाधान तलाशने की कोशिश करेगी, जिसमें बैंक कर्मचारियों के साथ ग्राहकों के हितों का भी ध्यान रखा जाए।

PLI स्कीम पर भी होगी बातचीत

बैठक में बैंक कर्मचारियों ने स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम का मुद्दा भी उठाया।

UFBU के अनुसार, PLI स्कीम को लेकर IBA के साथ आगे बातचीत की जाएगी। यूनियनों की मांग है कि सरकार को प्रस्ताव भेजने से पहले स्कीम में जरूरी बदलाव किए जाएं, ताकि कर्मचारियों की चिंताओं का समाधान हो सके।

इसके अलावा 8 मार्च 2024 की बातचीत के कार्यवृत्त में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा जारी रखने पर सहमति बनी है। यूनियनों और बैंक प्रबंधन के बीच बातचीत के जरिए इन मामलों को जल्द सुलझाने की कोशिश की जाएगी।

बैंक ग्राहकों के लिए क्या मतलब?

फिलहाल बैंक ग्राहकों को राहत है। हड़ताल स्थगित होने के कारण शाखाओं में लेनदेन, चेक क्लीयरेंस और अन्य बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से चलेंगी। हालांकि, किसी विशेष बैंक शाखा के स्थानीय अवकाश या अन्य कारण से बंद होने की स्थिति अलग हो सकती है।

Leave a Reply