दुर्गापुर। रविवार को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक बड़ा हादसा होने से बच गया। स्पाइसजेट के एक विमान ने रविवार को मुंबई से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के लिए उड़ान भरी थी, जिसे दुर्गापुर के अंडाल स्थित काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट पर लैंड करना था। अचानक खराब मौसम के कारण विमान को तूफान का सामना करना पड़ा, जिसमें केबिन में रखे सामान यात्रियों के ऊपर गिरने लगे। ‌परिणामस्वरूप 12 यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।

स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने दी जानकारी

स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि स्पाइसजेट बोइंग बी 737 विमान संचालन उड़ान एसजी -945 मुंबई से दुर्गापुर के लिए उतरते समय गंभीर अशांति का सामना करना पड़ा, जिसके कारण कुछ यात्रियों को चोटें आईं। हालांकि, उड़ान दुर्गापुर हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा गई। प्रवक्ता ने बताया कि दुर्गापुर पहुंचने पर यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।

इसके साथ ही स्पाइसजेट ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर खेद व्यक्त किया और घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान कर रहा है।