राजकीय इण्टर कॉलेज के विवेकानंद हॉल में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं हर घर तिरंगा कार्यक्रम का भव्य आयोजन

राजकीय इण्टर कॉलेज के विवेकानंद हॉल में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं हर घर तिरंगा कार्यक्रम का भव्य आयोजन

सहारनपुर। राजकीय इण्टर कॉलेज, नेहरू मार्केट में आज भव्य तिरंगा रैली के समापन के बाद कॉलेज परिसर स्थित विवेकानंद हॉल में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं हर घर तिरंगा कार्यक्रम का विशाल और ऐतिहासिक आयोजन किया गया। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा विभाजन पर आधारित अभिलेखों की प्रदर्शनी लगाई गयी।

इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय लोक निर्माण विभाग राज्य मंत्री श्री बृजेश सिंह, जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अभिनन्दन, मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित राजेश महाजन सहित अन्य माननीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही प्रशासनिक स्तर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला सूचना अधिकारी भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न स्कूलों से आए भारी संख्या में छात्र और छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति के इस उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत से पूर्व, विवेकानंद हॉल में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का विभाजन विभीषिका से संबंधित लाइव संबोधन दिखाया गया। हॉल में मौजूद माननीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और भारी संख्या में उपस्थित स्कूली छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री जी के विभाजन विभीषिका पर आधारित इस प्रेरणादायी उद्बोधन को बेहद ध्यानपूर्वक सुना।

कार्यक्रम के दौरान विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस से संबंधित एक मर्मस्पर्शी वीडियो क्लिपिंग (लघु फिल्म) भी दिखाई गई, जिसमें देश के विभाजन के समय हुए विस्थापन और असीम संघर्ष को दर्शाया गया था। इस वीडियो क्लिपिंग को हॉल में उपस्थित सभी लोगों द्वारा अत्यंत गंभीरता के साथ देखा गया। इसके बाद कार्यक्रम के मुख्य चरण में विभाजन की विभीषिका की त्रासदी झेलने वाले परिवारों के सम्मानित सदस्यों का मंच पर बुके, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर विशेष स्वागत व सम्मान किया गया। इस अवसर पर विभाजन विभीषिका के साक्षी रहे परिवार जन श्री शीतल टंडन जी एवं श्री सतीश ठकराल जी ने मंच से विभाजन के दौरान के अपने अनुभवों, संघर्षों और विचारों को साझा किया।

इसके तुरंत बाद विभाजन की त्रासदी के पीड़ितों की आत्मशांति के लिए सभी उपस्थित जनसमूह द्वारा 2 मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सांस्कृतिक सत्र की शुरुआत में देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत वंदे मातरम गीत का सामूहिक गान हुआ। इसके बाद जनपद के विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राओं ने हर घर तिरंगा और अब के बरस जैसे गीतों पर अत्यंत मनमोहक एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा हॉल भारत माता के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

मुख्य अतिथि राज्यमंत्री श्री बृजेश सिंह जी ने अपने संबोधन में देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होने कहा कि कार्यक्रम में स्कूली छात्रों का जोश और जुनून देखने योग्य है। ऐसे ही सभी के अंदर देशभक्ति का जोश और जुनून बरकरार रहना चाहिए। विभाजन की विभीषिका में हजारों परिवारों ने बहुत दर्द और यातनाएं झेलने के बाद भी उन्होने अपने मन में यही भावना कायम रखी कि तेरा वैभव अमर रहे मां। उन्होने देश के माननीय प्रधानमंत्री और प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी का हार्दिक अभिनन्दन करते हुए कहा कि उन्होने युवा पीढी को देश का इतिहास दिखाने का कार्य किया है।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, शिक्षकों, गणमान्य नागरिकों और भारी संख्या में आए स्कूली बच्चों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से ससम्मान राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply