इमरान मसूद का राम मंदिर के CEO पर तंज, बोले- ‘RSS को मंदिर प्रोजेक्ट में पैसा नजर आ रहा’

इमरान मसूद का राम मंदिर के CEO पर तंज, बोले- ‘RSS को मंदिर प्रोजेक्ट में पैसा नजर आ रहा’

Saharanpur : श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर का पहला CEO नियुक्त किए जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर से जुड़े काम मंदिर से जुड़े लोगों को ही सौंपे जाने चाहिए।

इमरान मसूद ने कहा, “यह काम साधु-संतों का है। अब एक एयर मार्शल, जो हवाई जहाज उड़ाते हैं, वे RSS के जाल में फंस गए हैं। क्या उन्हें भी आखिर में बेइज्जत करके निकाल दिया जाएगा? यह कैसा तमाशा है?”

उन्होंने आरोप लगाया कि RSS की नजर अब राम मंदिर प्रोजेक्ट के पैसों पर है। मसूद ने कहा कि मंदिर का काम मंदिर से जुड़े लोगों पर ही छोड़ देना चाहिए और इसमें लालच की कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

कश्मीरी पंडितों को धमकियों पर भी बोले इमरान मसूद

जम्मू-कश्मीर में कश्मीरी पंडितों को मिल रही कथित धमकियों पर भी इमरान मसूद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही हमले, आतंकवादी घटनाएं, धमकियां और नफरत फैलाने जैसी चीजें सामने आने लगती हैं।

उन्होंने कहा, “इससे फायदा किसे होता है? जिसे फायदा होता है, वही इसके लिए जिम्मेदार होता है।”

जितेंद्र मिश्रा बने राम मंदिर के पहले CEO

बता दें कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बुधवार को रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया। ट्रस्ट की अहम बैठक के बाद उनके नाम की घोषणा की गई।

जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति को राम मंदिर की प्रशासनिक और प्रबंधन व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply